पीलीभीत की शाही जामा मस्जिद

पीलीभीत में 257 वर्ष पहले हाफिज रहमत खां ने बनवाई थी दिल्ली जैसी शाही जामा मस्जिद 

पीलीभीत जिले में दिल्ली की शाही जामा मस्जिद की तर्ज पर शाही जामा मस्जिद करीब 257 वर्ष पहले बनाई गई थी। जिसमें ईद पर नमाज अदा की जाती है। इसे पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित किया गया है। इसी मस्जिद की तरह नवाबों के गांव शेरपुर कला में भी एक शाही जामा मस्जिद का निर्माण किया गया है। यह मस्जिदें यहां की पहचान बनी हुई हैं और लोग इन पर गर्व करते हैं। पीलीभीत शहर के अंदर शाही जामा मस्जिद नाम का एक गौरवशाली धर्म स्थल है जो इसको प्राचीन इतिहास से जोड़ता है। दिल्ली की शाही जामा मस्जिद की तरह हूबहू एक छोटी सी जगह में मस्जिद बनाई गई है, जिसका नाम शाही जामा मस्जिद है। इसका निर्माण रुहेला नवाब हाफिज रहमत खां ने करवाया था। कहा जाता है कि हाफिज रहमत खान का यह 'ड्रीम प्रोजेक्ट' था। उनका मानना था कि जो लोग दिल्ली की शाही जामा मस्जिद जाकर नहीं देख सकते तो वे लोग यहां आयें और पीलीभीत की जामा मस्जिद देख कर वैसा ही महसूस करें। कहते हैं कि उस समय आवागमन के साधन बहुत कम थे और लोग दिल्ली नहीं पहुंच पाते थे। इस मस्जिद के प्रवेश द्वार पर नक्काशी का बेहद शानदार नमूना दिखाया गया है। मोटी-मोटी लकड़ी के बड़े-बड़े दरवाजे इसकी खूबसूरती को बढ़ा देते हैं। यहां एक सरोवर भी बना हुआ है। मस्जिद के द्वार पर एक मजार है। यह मजार मस्जिद के पहले इमाम और दरवेश हाफिज नूरुद्दीन गजनबी की है। उनका इस मस्जिद में एक अहम योगदान माना जाता है। सुनसान क्षेत्र में जब यह मस्जिद बनाई गई थी तब इस मस्जिद की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर थी। अब यह मस्जिद शहर के बीचों बीच आ गई है। इसे पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित भी किया गया है। वर्ष 1767 में निर्मित इस मस्जिद को पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा संरक्षित इमारतों की सूची में 261 वें स्थान पर दर्ज किया गया है। इसी की नकल की मस्जिद ग्राम शेरपुर कला में सांसद रहे समसुल हसन खां द्वारा भी बनवाई गई थी। ईद पर इन मस्जिदों में शाही अंदाज में नमाज होती है और पीलीभीत में यह मस्जिदें होने पर समाज के लोग गर्व महसूस करते हैं। अगर आप पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सैर करने आते हैं तो टाइगर देखने के बाद इस मस्जिद को देखना मत भूलिए।


 

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जन्म कुंडली में वेश्यावृति के योग

पक्षी आपका भाग्य बदले

भृगु संहिता के उपचार