डोल ग्यारस पर भगवान का हुआ जलाभिषेक, विमानों की भव्य शोभायात्रा निकाली

- मनोज चौबे, सहायक संपादक

जनपद ललितपुर में डोल ग्यारस पर्व धूमधाम से मनाया गया। प्रातः काल से मन्दिरों में भगवान ठाकुर जी का मंत्र उच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गई। शाम को मन्दिरों से शोभा यात्रा विमानों में सवार होकर तालाब पर जाकर जल बिहार का आयोजन संपन्न हुआ। सनातन धर्म की प्राचीन परम्पराओं के अनुसार जल विहार पर्व जनपद में अगाध श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर नगर में विमानों की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई तथा सुम्मेरा तालाब पर श्रीजी का जलाभिषेक किया गया। गौरतलब है कि इस वर्ष सुम्मेरा तालाब को जिला प्रशासन व नगर पालिका परिषद ने अत्याधुनिक व आकर्षक तरीके से सजाया था। घाटों पर इस बार का जल विहार ऐतिहासिकता बिखेरता गया। नौकाओं में श्रीजी को सवार कर जल विहार कराया गया। विमानों के दर्शनार्थ श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा था।

जल विहार पर्व को लेकर रावरपुरा, महावरीपुरा, घंटाघर, सावरकर चैक पर अन्य देवालयों से आये विमानों का मिलन हुआ। रावरपुरा में विमानों का सम्मलिन होने के पश्चात इस ऐतिहासिक शोभा यात्रा ने वृहद रूप धारण कर लिया। गाजे-बाजे व शंख झालरों की झनकारों से गुंजायमान इस शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं का भक्तिभाव देखते ही बनता था। शोभा यात्रा में जहां शामिल हजारों श्रद्धालु विमानों में आरूढ़ भगवान को अपने कंधे पर उठाने को आतुर थे। वहीं जुलूस मार्ग के किनारे खड़े हजारों श्रद्घालु विमानों पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। विमानों की शोभायात्रा घंटाघर, सावरकर चैक, तालाबपुरा होती हुई सुम्मेरा तालाब पहुंची। सुम्मेरा तालाब में विमानों के विहार कराने की परम्परा काफी प्राचीन है। तालाब के घाटों पर गंगाजल से श्रीजी के अभिषेक किया गया। सुम्मेरा तालाब के सभी घाट व देवालय श्रद्धालुओं से पटे पड़े थे। कहीं भी तिल रखने को जगह नहीं थी।

जलविहार के इस मौके पर इस नैना विराम  जल विहार यात्रा में आए सभी विमानों का स्वागत श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर किया एवं अपने घर के आगे आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि पीछे नहीं रहे उन्होंने भी जगह-जगह पंडाल लगाकर प्रसाद के रूप में मिष्ठान वितरण किए। इस जल विहार यात्रा में सभी ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का परिपूर्ण तरीके से पालन किया चाहे वह विद्युत विभाग हो यह जल संसाधन। विभाग चाहे वह पुलिस विभाग हो या जिला प्रशासनिक अमला या फिर नगरपालिका। सभी ने अपने-अपने कर्तव्यों का पालन किया। इस जल विहार यात्रा को सफल बनाने में अपना अपना सहयोग प्रदान किया। वहीं दूसरी तरफ जनप्रतिनिधियों ने भी कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। उन्होंने भी इस जल विहार यात्रा को सफल बनाने के लिए अथक प्रयास किए एवं अपने अपने हिसाब से सभी ने व्यवस्थाएं बनाई।

इस पावन अवसर पर ललितपुुर सदर विधायक राम रतन कुशवाहा, डा. दीपक चौबे , बृजेश चौबे, जिला अध्यक्ष भाजपा एवं प्रदीप चौबे, धर्मेंद्र रावत एसडीएम सदर, सीओ सिटी ललितपुर, गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित रहे हजारों धर्म प्रेमियों ने इस आयोजन का आनंद लिया। 



 

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जन्म कुंडली में वेश्यावृति के योग

पक्षी आपका भाग्य बदले

भृगु संहिता के उपचार